नगर क्षेत्र के गाजीपुर तिराहे पर शनिवार की शाम चेकिंग के दौरान दूसरे की बंदूक के साथ दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। यह दोनों युवक गाजीपुर जनपद के मरदह की ब्लाक प्रमुख निधि सिंह के पति नितेश कुशवाहा के साथ उनके वाहन में सवार थे। उनके पास से एक राइफल और एक डबल बैरल बंदूक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। साथ ही दोनों युवकों को कोतवाली भेज दिया।
शनिवार की शाम एएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी नगर क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा पर चेकिंग कर रहे थे। इस बीच मरदह ब्लाक प्रमुख निधि सिंह के पति नितेश कुशवाहा अपने वाहन से गाजीपुर के मरदह से शहर में आ रहे थे। पुलिस ने उनके वाहन को रुकवाकर चेक किया तो उसमें दो युवक बंदूक के साथ बैठे मिले। पूछताछ में पता चला कि यह बंदूक दूसरे के नाम पर है, जबकि लेकर दूसरा कोई बैठा है।
गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र के जरगो गांव निवासी रमाशंकर सिंह के नाम से रायफल और दूसरी डबल बैरल बंदूक उसी गांव के रमाशंकर के भाई विजय बहादुर सिंह के नाम से थी। लेकिन उनको लेकर गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी गौरव सिंह और भूपेंद्र कुमार लेकर चल रहे थे।
इस संबंध में ब्लाक प्रमुख पति नितेश का कहना था कि दोनों असलहा मेरे मामा का है। मैने एक अपराधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इसलिए सुरक्षा लेकर चल रहा था। वहीं एएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि किसी दूसरे का असलहा कोई दूसरा नहीं लेकर चल सकता है। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।