दोहरीघाट के नईबाजार अंडरपास के पास ट्रक के टक्कर के बाद बासवारी में घुसी ट्रैक्टर ट्राली।संवाद
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के नई बाजार में फोरलेन अंडरपास से पहले शनिवार की भोर में 4:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक कोदई पटेल (42) की मौत हो गई।
किसान रामप्रवेश (60), शिवदुलार (50) और लाल बहादुर (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। गाजीपुर के बड़ेसर थाना क्षेत्र के कंधौरा खुर्द गांव निवासी रामप्रवेश, शिवदुलार और करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र निवासी लाल बहादुर बिंद परवल की खेती करते हैं।
तीनों ने आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना के हाजीपुर गांव में सरयू नदी के किनारे जमीन लीज पर लेकर परवल की खेती की है। शनिवार की भोर में करीब 4:30 बजे ट्रैक्टर-ट्राली से परवल लेकर दोहरीघाट सब्जी मंडी जा रहे थे।
रौनापार थाना के गांगेपुर निवासी कोदई पटेल ट्रैक्टर चला रहे थे और तीनों किसान उस पर बैठे थे। नई बाजार अंडरपास से 50 मीटर दूरी पर पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्राली में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बांस की खूंटी में घुस गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर वहां से भाग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
जांच के बाद डॉक्टर ने कोदई पटेल को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामप्रवेश, शिवदुलार और लाल बहादुर की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोदई की पत्नी रीमा देवी की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तीन घायलों को परिजनों ने आजमगढ़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।