मऊ डिपो बस स्टेशन में रोडवेज का खुद का गेस्ट हाउस बनेगा। आवास विकास परिषद ने डीपीआर तैयार कर लिया है। इसके लिए छह माह पहले 2.53 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। शासन ने 67 लाख रुपये अवमुक्त कर दिया है।
जिला मुख्यालय पर जल्द ही रोडवेज का खुद का गेस्ट हाउस होगा। इसके लिए मऊ डिपो परिसर में खाली जमीन को चिह्नित करके मुख्यालय भेजा गया था। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 29 मई 2025 की शाम रोडवेज परिसर में पहुंचकर खाली पड़ी जमीन का निरीक्षण किया था।
यह गेस्ट हाउस रोडवेज अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा। ठंड और बरसात के समय रात तक काम करने वाले रोडवेज कर्मचारियों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। देर होने पर वहां ठहरने की सुविधा होगी।
गेस्ट हाउस के लिए 30x20 (600 वर्गफीट) जमीन पर निर्माण होगा। एआरएम गौतम कुमार गुप्ता ने बताया कि आवास विकास परिषद द्वारा गेस्ट हाउस की डीपीआर तैयार कर ली गई है। धनराशि भी अवमुक्त हो गई है। टेंडर होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।