वलीदपुर नगर पंचायत के रामलीला मैदान में मंगलवार देर शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते बिचला पूरा मोहल्ले के करीब 400 घरों की विद्युत आपूर्ति अचानक ठप हो गई।
बिजली गुल होने से पूरे मोहल्ले में अंधेरा छा गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मोहल्ले के नासिर जमील, सरफराज, नईम, रामबाबू और अजय सहित कई लोगों ने बताया कि बिजली गिरते ही जोरदार आवाज हुई।
इसके बाद ट्रांसफॉर्मर ने काम करना बंद कर दिया और वहां की जमीन भी फट गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए।
उमस भरी गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। कई घरों में पेयजल की आपूर्ति भी प्रभावित हुई, क्योंकि मोटर नहीं चल सका।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफॉर्मर का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आकाशीय बिजली गिरने से ट्रांसफॉर्मर के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई।
अवर अभियंता रामबिलास ने बताया कि नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराकर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। बुधवार सुबह नगर पंचायत में रखे ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर को लगाकर 10 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।