कोपागंज के पुराने कोपा में रास्ते में गिरा पेड़, मरम्मत कार्य करते बिजली कर्मी
कोपागंज नगर पंचायत कोपागंज के भरत मिलाप से मिडिल स्कूल जाने वाले मार्ग पर मंगलवार की देर रात एक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए।
ये तार पास के मकानों की ओर झुक गए, जिससे बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। वहीं, पेड़ सड़क पर गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे लोगों का आवागमन घंटों तक बाधित रहा।
सुबह स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी। विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने पेड़ की शाखाएं काटकर रास्ते को आंशिक रूप से साफ किया। इससे साइकिल और मोटरसाइकिल का आवागमन शुरू हो सका, लेकिन चार पहिया वाहनों का आवागमन पेड़ पूरी तरह हटने तक प्रभावित रहा।
छेदी गुप्ता, साधू शरण, राजाराम मौर्या, विसंभर सहित अन्य निवासियों ने बताया कि यह मार्ग विद्यार्थियों और कई मोहल्लों के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। मार्ग बंद होने से लोगों को असुविधा हुई।
इस बाबत अवर अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित थी। सूचना पर पहुंचकर मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।