उद्यान विभाग की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी विकास खंडों से चयनित 100 किसानों को सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जल एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ खेती को लाभकारी बनाना था।
पर ड्रॉप मोर क्रॉप-सूक्ष्म सिंचाई योजना के तहत किसानों को ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर और पोर्टेबल स्प्रिंकलर विधियों के बारे में बताया गया। वैज्ञानिकों ने कम लागत में अधिक उत्पादन के लिए आधुनिक खेती अपनाने को प्रेरित किया।
विशेषज्ञों ने बताया कि इन विधियों से 40 से 50 फीसदी तक पानी की बचत होती है। साथ ही खाद और कृषि रक्षा रसायनों का संतुलित उपयोग संभव है, जिससे उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत कम करने में मदद मिलती है। जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह ने किसानों से विभागीय अनुदान योजना का लाभ लेने की अपील की।
योजना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पात्र किसानों को 90 फीसदी तक अनुदान मिल सकता है। उन्होंने पंजीकरण और योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यशाला में डॉ. विनय कुमार सिंह, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. प्रशांत और डॉ. जितेंद्र कुशवाहा समेत अन्य अधिकारी और किसान मौजूद रहे।