अमिला थानीदास मोड़ के पास ट्रेलर ने मारी बस में टक्कर,जुटी भीड़।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला थानाीदास मोड़ के समीप फोरलेन पर शुक्रवार की शाम लगभग 5:30 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने रोडवेज बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि घटना में सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
दोहरीघाट डिपो की रोडवेज बस यात्रियों को लेकर दोहरीघाट से लखनऊ जा रही थी। बस अमिला थानाीदास मोड़ के पास पहुंची ही थी कि चालक बस रोककर सवारी उतारने लगा।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक दुर्गेश यादव निवासी कडजहिया, थाना गौरी बाजार, जनपद देवरिया ने बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस का पिछला शीशा टूट गया, जबकि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में बैठे यात्री घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद कुछ यात्रियों ने नीचे उतरकर ट्रेलर चालक को पकड़ लिया।
इसी बात को लेकर यात्रियों और चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अमिला पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर चौकी ले आई। इस संबंध में थाना प्रभारी परमेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है।