घोसी कोतवाली के चौथी मिल के पास युवक की मौत के बाद कोतवाली में खड़ी सीज ट्रैक्टर ट्राली। संवाद
घोसी कोतवली क्षेत्र के चौथी मिल के पास शनिवार की शाम चार बजे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में कोतवाली क्षेत्र के माछिल जमीन माछिल निवासी श्रीराम चौहान (25) की मौत हो गई।
टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। माछिल जमीन माछिल निवासी श्रीराम चौहान मुंबई में रहकर काम करते हैं। कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार की शाम चौथी मिल निवासी अपनी बहन के घर जा रहे थे।
घर पहुंचने से पहले ही खनन में शामिल ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह पहुंचे और शव को जिला अस्पताल भेजवाया।
ट्रैक्टर को कोतवाली परिसर में लाकर खड़ा कर दिया। परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि शव को जिला अस्पताल भेजवाया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।