मऊ। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के बख्तावरगंज के पास रविवार दोपहर बालू लदे ट्रेलर और ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें ट्रैक्टर पर सवार चालक सहित दो लोग और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
रानीपुर के खुरहट निवासी ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र (50) और साथी कैलाश (44) निवासी करजौली थाना रानीपुर दोपहर को डांड़ी से पीच का ड्रम लादकर मुख्यालय आ रहे थे। अभी वह दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के बख्तावरगंज के पास पहुंचे थे। गाजीपुर से बालू लादकर गोरखपुर जा रहे ट्रेलर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर और ट्रैक्टर दोनों फोरलेन के नीचे खाई में पलट गए। जिससे ट्रेलर चालक अनिल (45) निवासी दक्षिण दरवाजा थाना कोतवाली, बस्ती और ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र (50) और ट्रैक्टर पर सवार उसका साथी कैलाश(44) तीनों घायल हो गए। ट्रैक्टर और ट्रेलर की भिड़ंत की तेज आवाज सुनकर वहां आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी किसी ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया।