कोपागंज। तड़ियांव स्थित विद्युत उपकेंद्र के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर में शनिवार शाम आई तकनीकी खराबी से आधा नगर पंचायत सहित 30 गांवों की विद्युत आपूर्ति 16 घंटों के बाद भी ठप है। बिजली गुल रहने से पूरी रात लोग चैन से सो नहीं पाए। दिन भर शुद्ध पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। गर्मी व उमस से लोगों को एक-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा था। ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खामी को दूर करने में बिजलीकर्मी और अधिकारी लगे रहे। कोपागंज में क्षेत्र के दो विद्युत उपकेंद्र से बिजली की सप्लाई की जाती है। तड़ियांव विद्युत उपकेंद्र से कोपागंज के मोहल्ला जुम्मनपुरा, वाजिदपुरा , फुलेलपुरा हिकमा आदि आधा नगर पंचायत और ग्राम सभा भदसा, ढेकवारा, पारा, मुबारकपुर, तड़ियांव आदि 30 गांवों में विद्युत की आपूर्ति होती है। शनिवार शाम सात बजे तड़ियांव सबस्टेशन के 10 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से बिजली कट गई। 16 घंटे के बाद भी तकनीकी खामी को ठीक नहीं किया किया जा सका। हालांकि 10 एमवीए ट्रांसफॉर्मर की खराबी दूर करने में महकमे के अधिकारी, कर्मचारी लगे रहे। इस भीषण गर्मी में 16 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों को बहुत परेशानी उठानी पड़ रही। लोग पेयजल के लिए इधर-उधर भटकते रहे। वहीं रात में बिजली नहीं रहने से गर्मी से लोग रातजगा को मजबूर रहे।
कोट
तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। दो से तीन घंटो में विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
राकेश पांडेय, बिजली निगम, अधीक्षण अभियंता