मऊ। त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर हुए आरक्षण को लेकर आपत्तियां दाखिल करने की अवधि सोमवार को समाप्त हो गई। जिले के आठ ब्लाकों और डीपीआरओ आफिस में कुल छह सौ आपत्तियां दाखिल की गई हैं। इनमें अधिकतर प्रधान और बीडीसी पद को लेकर हुए आरक्षण को लेकर की गई हैं। परदहा ब्लाक के लोगों ने डीपीआरओ कार्यालय में ही आपत्ति दाखिल की हैं। आपत्तियों के निबटारे का कार्य मंगलवार से शुरू की जाएगी। यह कार्य पूरा कर 12 मार्च तक आरक्षण की अंतिम सूची जारी करनी है।
बड़राव ब्लॉक में 12 बीडीसी 12 ग्राम प्रधान पद के लिए आपत्ति दाखिल हुई। कोपागंज ब्लॉक में प्रधानी के लिए एक, बीडीसी के लिए 11 और जिलापंचायत के लिए एक आपत्ति दाखिल हुई है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में गॉवों के आरक्षण को लेकर कुल 5 ग्राम पंचायतों के सात लोगों ने आपत्ति दाखिल की है। ब्लाक स्थित एडीओ पंचायत कार्यालय में सोमवार तक क्षेत्र के भदवा, चेरुईडीह, बनियापर, माहपुर और मकरी गांव के ग्राम प्रधान के आरक्षण को बदलने को लेकर सात आपत्ति दाखिल की गई है। फतेहपुर मंडाव ब्लाक में गावों के आरक्षण को लेकर 15 ग्राम पंचायतों के लिए 21 आपत्तियां पड़ी हैं। इनमें फतेहपुर मंडाव, दुबारी, लधुआई, कुतुबपुर, धरकपुर, विशुनुपुर, लखनौर,भेड़वारा मल्ल,रसूलपुर रामपुर आदि गांवों की आपत्तियां शामिल हैं।
दोहरीघाट ब्लॉक में पंचायत चुनाव में ग्राम सभा चकउत से बीडीसी के लिए आरक्षण के लिए आपत्ति व ग्राम सभा बनाफा से प्रधान पद के लिए आपत्ति दाखिल की गई है। रानीपुर ब्लाक पर दो बीडीसी और दो दो ग्राम प्रधान के लिए के लिए आपतियां पड़ी हैं। रतनपुरा में बकुची डांड़ीडीह निवासी प्रदीप यादव ने आपत्ति दी। आखिरी दिन कुल मिला कर 5 आपत्तियां पड़ी है जिसमें खरार गाड़ी, मोहम्मदपुर बरहिया, मुस्तफाबाद , कुडंवा और बकुची डाडी डीह और रतनपुरा ग्राम पंचायत शामिल हैं।
आपत्तियों का निबटारा करेंगी समितियां
आरक्षण के विरोध में आई आपत्तियों का निपटारा जनपदीय समिति करेगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति जिसमें सीडीओ, डीडीओ और डीपीआरओ शामिल हैं। जनपद मुख्यालय पर मिली आपत्तियों का निपटारा करेंगी जबकि ब्लाक मुख्यालयों पर मिली आपत्तियों का निपटारा एसडीएम की अध्यक्षता वाली ब्लाक स्तरीय समितियां करेंगी।