मऊ। भगवान शिव की पूजा का पर्व महाशिवरात्रि पर मंगलवार को शिवालयों और मंदिरों में शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों से श्रद्घालुओं का जत्था गाजीपुर के लिए रवाना हुआ। जो वहां से गंगा जल भर कर सुबह पैदल ही लौटेंगे और यहां स्थित शिवमंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इस अवसर पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। श्रद्घालुओं की गहमागहमी के मद्नेनजर प्रमुख शिव मंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
महाशिवरात्रि पर्व को धूमधाम से मनाने की चल रही तैयारी सोमवार को पूरी कर ली गई। नगर क्षेत्र में खास तौर से शीतला माता धाम स्थित शिव मंदिर, मठिया टोला शिवाला, भीटी स्थित शिव मंदिर, कतुआ पुरा स्थित शिव मंदिर, आजमगढ़ मोड़ स्थित शिव मंदिर, जिला अस्पताल स्थित शिव मंदिर, ब्रह्मस्थान, रोडवेज शिव मंदिर, सिंधी बाबा की कुटी सहित मधुबन का शिवपुर पांति, कोपागंज, लैरोदोनवार सहित विभिन्न शिव मंदिरों पर भजन कीर्तन का क्रम सोमवार को ही शुरू हो गया। मंदिरों में बिजली सजावट कर आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महाशिवरात्रि के मौके पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। प्रमुख शिव मंदिरों पर देवाधिदेव महादेव का भव्य शृंगार फूलों द्वारा किया जाएगा। साथ ही भगवान शिव का अभिषेक दूध और गंगा जल द्वारा संपन्न कराया जाएगा। वहीं नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में भगवान शिव के विवाह की लीला का मंचन किया जाएगा।
इंदारा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से शिवभक्तों की टोली गाजीपुर के लिए रवाना हो गई। यह शिवभक्त मंगलवार को गंगा जल लेकर लैरोदोनवार स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। मधुबन संवाददाता के अनुसार शिवपुर पांती गांव स्थित शिवमंदिर में मंगलवार को भारी संख्या में शिव भक्त मत्था टेकेंगे। सोमवार को मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव के जयकारे के साथ गूंजता रहा।
इनसेट
महाशिवरात्रि पर होगा अखंड हरिकीर्तन
रतनपुरा। क्षेत्र के सिधवल, गाढा, नगवां, रतनपुरा, हलधरपुर सहित विभिन्न इलाकों में चल रही महाशिवरात्रि की तैयारी पूरी हो गई। महाशिवरात्रि के अवसर पर सिधवल स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर जिला पंचायत सदस्य संजय यादव के नेतृत्व मे अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया गया है। 14 फरवरी को भंडारा होगा। रतनपुरा बाजार में 14 फरवरी को शिव विवाह और मेले का आयोजन किया गया है।