मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार दोपहर अचानक तकनीकी खराबी के चलते अनारक्षित टिकट और आरक्षण काउंटर बंद कर दिए गए। इससे भीषण गर्मी में यात्रियों को टिकट लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इसी दौरान ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, तो यात्री अनारक्षित टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे, लेकिन काउंटर बंद होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। कड़ाके की धूप और गर्मी में यात्री परेशान नजर आए।
रेलवे स्टेशन के आसपास कहीं भी प्याऊ की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ा। इस संबंध में वरिष्ठ आरक्षण लिपिक विजय ने बताया कि कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामान की शिफ्टिंग के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।