मऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा रविवार को दो पालियों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। पहली पाली में 42 केंद्रों और द्वितीय पाली में 28 केंद्रों पर 31824 में से 28824 अभ्यर्थी शामिल हुए। तीन हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थी आत्मविश्वास से लवरेज दिखे। साथ ही एक दूसरे से परीक्षा में आए सवालों को लेकर चर्चा करने में मशगूल दिखे।
परीक्षा केंद्रों के मुुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की तलाशी लेकर परीक्षा कक्ष भेजा गया। प्रथम पाली में 42 परीक्षा केंद्रों पर 18720 और द्वितीय पाली में 28 परीक्षा केंद्रों पर 13104 सहित 31824 में से 28824 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा मेें कई शिक्षक शामिल हुुए। परीक्षा देने के बाद परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे अभ्यर्थी उत्साहित दिखे।
कई शिक्षक परेशान दिखे
अपनी सेवा के अंतिम पड़ाव में परीक्षा देकर बाहर निकल रहे कई शिक्षक परेशान दिखे। सरकार के तरफ से सी टेट परीक्षा पास करने की नई व्यवस्था से थोड़ा परेशान दिखे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीबीएसई की तरफ से एक आब्जर्वर की तैनाती रही। साथ ही सचल दस्ता परीक्षा केंद्रों का चक्रमण करता रहा। प्रश्नपत्रों का सील्ड बॉक्स आब्जर्वर की उपस्थिति में खोला गया। सीबीएसई का सचल दस्ता परीक्षा केंद्रों का जायजा लेता रहा।
वर्जन
सी टेट की अच्छी तैयारी की थी। प्रश्नों को हल करने में परेशानी नहीं हुई। अच्छा नंबर मिलने की उम्मीद है।
नेहा सिंह, मधुबन
पेपर संतोषजनक रहा। काफी समय से तैयारी करने के चलते प्रश्नों को हल करने में परेशानी नहीं हो रही थी। 90 प्रतिशत अंक मिलने की उम्मीद है।
पूनम पांडेय, बलिया
परीक्षा की तैयारी बेहतर होने से पेपर अच्छा हुआ है। परीक्षा में प्रश्नों को हल करने में कोई दिक्कत नहीं आ रही थी।
अंशिका वर्मा, मुहम्मदाबाद गोहना
सेवा अवधि के दौरान सी टेट पास अनिवार्य होने के बाद परीक्षा की तैयारी करना काफी मुश्किल रहा। वैसे पेपर अच्छा हुआ है। विश्वास जताया कि परीक्षा में सफलता अवश्य मिल जाएगी।
निरुपमा मिश्रा, शिक्षिका, बलिया