मऊ। चिरैयाकोट थाने की पुलिस ने कुछ दिन पूर्व कोपागंज थाना क्षेत्र के बीज भण्डार की दुकान में चोरी में शामिल तीन अर्न्तजनपदीय चोरों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 22 बोरी गेंहू का बीज,11 बोरी डीएपी खाद, तीन किलो पालक, मूली का बीज, एक तमंचा और कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, दो रम्मा, एक इलेक्ट्रानिक कटर बरामद किया है। इन चोरों ने गेहूं के बीच कोपागंज थाने के सहरोज मोड़ के पास चुराए थे जबकि डीएपी खाद वाराणसी जिले चौबेपुर थाना क्षेत्र से चुराए थे।
चिरैयाकोट थाने की पुलिस ने चेकिंग के दौरान जरिये मुखबिर की सूचना पर सेंचुई नहर पुलिया के पास से तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। उनके पास से पिकअप पर लदे 22 बोरी गेंहू का बीज, 11 बोरी डीएपी खाद, तीन किग्रा बीज मूली,पालक के बीज, एक तमंचा व एक कारतूस ,एक इलेक्ट्रानिक कटर , दो ब्लेड बरामद हुआ। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ किया तो उनके नाम प्यारेलाल प्रजापति पुत्र लालचंद निवासी मीरपुर ओडासन थाना बहरियाबाद , गाजीपुर, किशन राजभर पुत्र सुभाष राजभर निवासी मुरैनी थाना सादियाबाद गाजीपुर, कमलेश सोनकर निवासी वार्ड नं. 2 सादात गाजीपुर पता चले।
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि कोपागंज थाने के सहरोज मोड़ से अभिषेक राय निवासी काछीकला के बीज की दुकान से इन चोरों ने गेंहू के बीज चोरी किये थे। इस संबंध में कोपागंज थाने पर मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा इन चोरों ने आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर जनपद आजमगढ़ से यूरिया पोटाश, पालक/मूली बीज एवं पांच हजार रुपये नगद चुराये थे। चोरों ने वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र से डीएपी यूरिया आदि चोरी किया था। इस संबंध में चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। थानाध्यक्ष अमित मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार प्यारेलाल प्रजापति के विरूद्ध पूर्व में अन्य जनपदों में लगभग डेढ़ दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज कर उनका चालान कर दिया।