मऊ जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव और रखरखाव के लिए तीन स्टेबलिंग लाइन के निर्माण को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए 21 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं।
परियोजना के पूरा होने पर लंबी दूरी तय करके आने वाली ट्रेनों की पार्किंग क्षमता बढ़ेगी। साथ ही नई ट्रेनों के संचालन की संभावना भी बढ़ेगी। दूसरे रूटों से होकर गुजरने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन भी मऊ जंक्शन से संभव हो सकेगा।
घोसी लोकसभा के सपा सांसद राजीव राय ने यह सुविधा बहाल कराने के लिए संसद भवन में कई बार आवाज उठाई थी। मऊ जंक्शन के वाणिज्य प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से छोटी-बड़ी सभी प्रकार की ट्रेनों की साफ-सफाई और तकनीकी परीक्षण भी किया जा सकेगा।