सोनीधापा इंटर कालेज से यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा देकर बाहर निकलतीं छात्राएं।
- फोटो : mau
यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के पांचवें दिन गुरुवार को डीआईओएस के निरीक्षण में केंद्रों पर अव्यवस्थाएं मिलीं। दधिवल इंटर कालेज पर एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। धवरियासाथ स्थित एक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट गायब मिले। बीएसए ने एक परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण के दौरान तीन कक्ष निरीक्षकों को इंटर उत्तीर्ण पाया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक समेत कक्ष निरीक्षकों को कार्य मुक्त करने की संस्तुति की। साथ ही पकड़े गए मुन्ना भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया। पहली पाली में 8840 अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में इंटर के गृहविज्ञान परीक्षा में 619 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी, इंटरमीडिएट वाणिज्य वर्ग बहीखाता तथा लेखाशास्त्र, कृषि वनस्पति विज्ञान द्वितीय प्रश्नपत्र कृषि भाग एक, कृषि अर्थशास्त्र सप्तम प्रश्नपत्र कृषि भाग दो की परीक्षा हुई। प्रशासन की तमाम व्यवस्थाओं के बाद भी नकल माफिया अपने हिसाब से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने में कामयाब हो रहे। कई परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक कम पढ़े लिखे ही बना दिए गए हैं। बीएसए ओपी त्रिपाठी ने परमानंद इंटर कालेज कसारा में निरीक्षण किया यहां प्रथम पाली में तीन कक्ष निरीक्षक इंटर पास मिले। बीएसए ने तीन कक्ष निरीक्षक सहित केंद्र व्यवस्थापक को कार्यमुक्त करने की संस्तुति की। धनवती बालिका इंटर कालेज पर प्रभारी होमियोपैथिक चिकित्साधिकारी के रुप में तैनात स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. राजेंद्र चतुर्वेदी गायब मिले।
प्रथम पाली की अंग्रेजी की दधिवल इंटर कालेज रैनी में एक मुन्ना भाई पकड़ा गया, पकड़ा गया सुधीर रानीपुर थाना क्षेत्र के तवक्कलपुर गांव का निवासी है, वह अपने भाई रंजीत के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। डीआईओएस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। साथ ही तीन कक्ष निरीक्षक, दो केंद्र व्यवस्थापक को कार्यमुक्त किया। डीआईओएस डॉ. केसी भारती का कहना है कि गायब मिलने वाले स्टेटिक मजिस्ट्रेट को नोटिस जारी रहने के साथ जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है। जिलाधिकारी ने धनवती बालिका इंटर कालेज धवरियासाथ को डिबार कर दिया।