नगर क्षेत्र के परदहां स्थित राजीव गांधी महिला महाविद्यालय के तत्वावधान से निकाली गई जागरुकता रैली के बाद सदर तहसील पर मानव श्रृंखला बनाकर खड़ी छात्राएं।
जिला प्रशासन और अमर उजाला के संयुक्त तत्वाधान में परदहां स्थित राजीव गांधी महिला पीजी कॉलेज में मंगलवार को आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी निखिलचंद्र शुक्ला की मौजूदगी में तीन सौ छात्राओं ने मतदाता बनने के लिए फार्म भरा।
इस दौरान छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निखिलचंद्र शुक्ला ने कहा कि निर्वाचन आयोग की तरफ से इस समय आधी आबादी को मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्यक्रम इसकी कड़ी है। बोले सर्वे के बाद पाया गया कि जिले में प्रति एक हजार पुरुषों पर 944 महिलाएं हैं। इससे भी खराब स्थिति मतदाता सूची में पाई गई। बोले जिले में प्रति एक हजार पुरुषों में महज 812 महिलाएं मतदाता है। अब इस खाई को पाटना है।
उन्होंने जागरूकता के प्रति बोला कि मतदाता बनाने या फिर बनने के लिए एक समय नियत होता है। ऐसे में आपके पास मात्र 31 अक्तूबर तक का समय है। लोक तांत्रिक व्यवस्था में मतदान कर पसंद का उम्मीदवार चुनना आवश्यक है। तो यह तभी संभव हो सकेगा जब आप मतदाता बनेंगी। उन्होंने छात्राओं को खुद के साथ आसपास, पड़ोसियों को भी जागरूक करने का दायित्व सौंपा। इससे पूर्व उन्होंने छात्राओं को संकल्प दिलाया।
इसक्रम में मंचासीन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ विनोद ने कहा कि जागरूकता ही समस्या का हल है, चाहे वो किसी प्रकार की हो। फिर वोटर बनने के बाद आपके पास कई सुविधाएं मुहैया हो जाएंगी। इसीक्रम में कॉलेज की प्रबंधक राना खातून ने भी छात्राओं को जागरूक किया। बोली फार्म भरकर छात्राएं कल तक विद्यालय में अवश्य जमा कर दें। कार्यक्रम का संचालन जीजीआईसी की प्रधानाचार्य डॉ शमा शेख ने किया। इस अवसर पर एसडीएम सदर सुरेंद्र मिश्र, प्रबंधक पब्लिक महिला सहर पीजी कॉलेज शेख सल्लू आदि उपस्थित थे।