स्थानीय थाना क्षेत्र के रतनपुरा बाजार के ब्लाक चौराहा के पास रविवार को दोपहर बाद 300 बोरा गेहूं लदे ट्रक को एडीएम सदर ने पकड़ लिया। यह गेहूं रतनपुरा बाजार के एक गल्ला व्यवसायी के गोदाम से बलिया भेजा जा रहा था। एसडीएम ने यह गेहूं पुलिस की सुपुदर्गी में देकर पूर्ति विभाग और मंडी समिति के सचिव को जांच के निर्देश दिए हैं।
रतनपुरा बाजार से 300 बोरी गेहूं लेकर एक ट्रक बलिया की ओर जा रहा था। इसी बीच किसी ने उपजिलाधिकारी सदर को फोनकर जानकारी दी कि बाजार के एक व्यापारी के गोदाम से सरकारी सस्ते गल्ले का गेहूं कालाबाजारी के लिए भेजा जा रहा है। एसडीएम एसपी मिश्र ने मौके पर पहुंच कर ट्रक रोकवाया। ट्रक चालक गेहूं के बाबत अपेक्षित कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने बताया कि बाजार के ही एक व्यापारी के गोदाम से यह गेहूं बलिया ले जा रहा था। एसडीएम ने गेहूं सहित ट्रक हलधरपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया। एसडीएम ने गेहूं की जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी और कृषि मंडी समिति रसड़ा को निर्देशित किया।