मऊ/घोसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आपत्तिजनक फोटो वायरल करने पर हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक ने कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजमंगल यादव पर मुकदमा पंजीकृत कराया है। कांग्रेस नेता ने विजयदशमी के दिन वाट्सऐप और फेसबुक पर आपत्तिजनक फोटो वायरल कर दिया था। इसकी जानकारी होते ही हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भड़क गए और कार्रवाई के लिए घोसी कोतवाली में तहरीर दी।
कांग्रेस नेता राजमंगल यादव पर मुख्यमंत्री का आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगा है। राजमंगल यादव घोसी विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी थे। इस मामले में हिंदू युवा वाहिनी के जिला संयोजक अजय सिंह ने घोसी कोतवाली में शनिवार की शाम तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। वादी अजय सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो वायरल करना कांग्रेस नेता की गंदी मानसिकता को दर्शाता है। हिंदू युवा वाहिनी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। ऐसे लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी घोसी नरेश कुमार ने बताया कि हिंदू युवा वाहिनी की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।