कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सोड़सर गांव में गोलीकांड चलाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सोड़सर गांव निवासी सूर्यभान यादव ने गेहूं काटकर अपने खेत में रखा था। उसने बृहस्पतिवार को भतीजा मनीष यादव से थ्रेसर लगाकर मड़ाई करने के लिए कहा था। लेकिन मनीष थ्रेसर लेकर कहीं और चला गया और रात में मड़ाई करने को कहा। लेकिन शाम होते होते बारिश आ गई और काटकर रखी गेहूं की फसल भीग गई। रात को मनीष के घर लौटने पर सूर्यभान यादव, मनीष को गाली देने लगा। विवाद बढ़ गया और दोनों के परिवार में मारपीट हो गई।
मारपीट में मनीष यादव, राधेश्याम, रामध्यान घायल हो गये। वहीं गोली लगने से मनीष का भाई अभिषेक लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़ित पक्ष के अंचल यादव की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को ही सोड़सर निवासी राम प्रकाश यादव, आकाश, तेजबहादुर, अजीत , अजय , सूर्यभानऔर रानीपुर थाना क्षेत्र के महासो निवासी शशांक यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने शनिवार को गोली चलाने वाले रामप्रकाश यादव को तमंचा कारतूस के साथ और सूर्यभान यादव, तेजबहादुर यादव को गिरफ्तार कर लिया।