मऊ। पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना द्वारा की गई एयर स्ट्राइक ''ऑपरेशन सिंदूर'' के बाद जिले में राष्ट्रभक्ति की लहर है। जिले के लोग तिरंगा लेकर सड़कों पर उतर आए और भारत माता की जय के नारों गूंज रहे हैं। लोगों ने पटाखे फोड़े, मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को बधाई दी। लोगों का कहना है कि भारत ने आतंकियों को उन्हीं की जमीन पर जाकर करारा जवाब दिया है, जिससे पूरी दुनिया को भारत की नई नीति का संदेश मिला है। ये नया भारत है, अब चुप नहीं बैठता है।
भारतीय सेना की सफलता पर जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। आतंकवादियों के खिलाफ इस निर्णायक कार्रवाई ने हर देशवासी के दिल में गर्व की भावना भर दी है। लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। लोगों ने इसे आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक युद्ध की शुरुआत बताया। ज्यादातर लोगों को सुबह उठने के बाद कार्रवाई के बारे में जानकारी हुई। पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष क्षत्रपाल सिंह के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने बुधवार को नगर के निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में एकत्र होकर खुशी मनाई। साथ ही भारतीय सेना के अदम्य साहस को सलाम किया।
क्षत्रपाल सिंह ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है। पाकिस्तान ने हमारी 26 बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर मृतकों को न्याय दिलाया। भारतीय सेना ने रात में पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला कर खून का बदला खून से लिया है। अब कोई भी हमारे देशवासियों की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। सरकार से अनुमति मिले तो हम लोग पाकिस्तान से लड़ने के लिए तैयार हैं।
इस मौके पर महामंत्री सुरेंद्र सिंह, शिवचंद राजभर, राजविजय यादव, उदयभान यादव, शिवकुमार सिंह, नागेंद्र सिंह, जयबहादुर सिंह, शिवशंकर यादव, रमेश चंद चौहान, राम सिंह, अरविंद सिंह, अजय कुमार आदि शामिल रहे। दीवानी न्यायालय में भी इस गौरवपूर्ण क्षण को लेकर अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया। सेना द्वारा आतंकियों के खिलाफ शुरू किए गए इस बदले के अभियान की खबर मिलते ही न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और भारतीय सेना के जयकारे लगाए।
वरिष्ठ अधिवक्ता दिवाकर त्रिपाठी ने कहा कि हमारे वीर सैनिकों ने देश की गरिमा को सुरक्षित रखने का जो कार्य किया है, उससे हम गौरवान्वित हैं। यह केवल एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ संकल्प की शुरुआत है। इस अवसर पर राजेश तिवारी, राधेश्याम सिंह, संदीप श्रीवास्तव, रमाकांत सिंह, राहुल यादव आदि शामिल रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न, पाकिस्तान का झंडा फूंका
मऊ। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक को लेकर भाजपा कार्यकताओं ने जश्न मनाया।नगर के आजमगढ़ तिराहे पर पाकिस्तान का झंडा जलाया। साथ ही आतिशबाजी करते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले में लोगों की हत्या का भारत मे बदला लेते हुए कई आतंकी कैंपों और उनके पनाहगारों के ठिकानों को भारतीय सेना के लड़ाकू विमानों ने ध्वस्त किया। इस दौरान संतोष सिंह,दीपू चौरसिया, उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र राय, फैसल अब्बासी, शिव चौहान, नीरज गुप्ता आदि मौजूद रहे।
नौजवानों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान:
मऊ। जिले में ऑपरेशन सिंदूर के तहत हुई भारतीय सेना के एयर स्ट्राइक के बाद युवाओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इस कार्रवाई को देश की मां-बहनों के उजड़े सिंदूर का बदला मानते हुए युवाओं ने मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों और अस्पताल स्टाफ को मिठाई बांटीं। इस मौके पर युवाओं ने कहा कि देश को नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री और राजनाथ सिंह जैसे रक्षा मंत्री मिले हैं, जो आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।