दक्षिणटोला थाला क्षेत्र के भदेसरा गांव स्थित एक मकान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान और टूटी आलम
- फोटो : MAU
मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के भदेसरा गांव निवासी एक व्यक्ति के घर से चोरों ने नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चुरा ले गए। चोरों कमरों की सिटकनी बाहर से बंद कर आसानी से घटना को अंजाम दिया। परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई। इस पर पीड़ित परिवार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के भदेेसरा निवासी बहादुरराम पुत्र शीतल आवास बनाकर रहते हैं। सोमवार की रात परिजन भोजन करने के बाद अपने कमरों में सोने चले गए थे। इस बीच रात में चोर मकान के अंदर घुस आए। चोर आसानी से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, लेकिन परिवार को भनक तक नहीं लग पाई। चोरी का पता मंगलवार सुबह उस समय लगा जब परिवार के लोग सोकर उठे और कमरे से बाहर निकलना चाहा। लेकिन चोरों द्वारा सभी कमरे के बाहर सिटकनी लगाने से कोई बाहर नहीं निकल सका। बाद में पड़ोस के लोगों ने दरवाजा खोला। इसके बाद परिजनों ने कमरे में रखे सामानों की जांच की, जिसमें घर में रखा 35 हजार रुपये नकदी और करीब दस लाख रुपये का आभूषण गायब था। चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। उधर बहादुर राम की ओर से पुलिस को चोरी की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
चार दिन में दूसरी बड़ी चोरी
मऊ। जिले में चार दिन के भीतर दो बड़ी चोरी की घटना से लोग पुलिस की सक्रियता पर सवालिया निशान उठाना शुरू कर दिया। इससे पहले बीते आठ अक्तूबर की रात में हलधरपुर थाना क्षेत्र में अइलख गांव निवासी रामव्रत के यहां से चोरों ने 85 हजार रुपये नकदी सहित करीब 20 लाख रुपये का सामान समेट ले गए। इसबीच 12 अक्तूबर की रात भदेसरा में दस लाख की चोरी हो गई।