मऊ जिले के सरायलंखसी थाना क्षेत्र के रैकवारेडीह में स्थित सरकारी राशन की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। मंगलवार की देर रात में चोर वाहन से राशन उठा ले गए। राशन आगामी अप्रैल माह में बंटने के लिए बीते 18 मार्च को आया था। चोरी की इस घटना से गांव के 700 लाभार्थियों को मिलने वाले राशन पर संकट खड़ा हो गया है। उधर, इस घटना की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस को सौंपी तहरीर के अनुसार रैकवारेडीह निवासी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि उसके गांव में सरकारी राशन की दुकान रैकवारेडीह मंसड़ी मार्ग पर है। इसी दुकान में गोदाम बनाया है। कोटेदार के बेटे राजित ने बताया कि बीते गांव के 688 राशन कार्डधारक और 98 अंत्योदय कार्डधारकों को अप्रैल माह में वितरित करने के लिए 18 मार्च को 129 क्विंटल चावल आया था।
मंगलवार की देर रात पिकप से आए चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर इसमें रखा सरकारी राशन चोर उठा ले गए। पीड़ित के बेटे ने बताया कि बुधवार की सुबह नौ बजे के करीब ग्रामीणों ने ताला टूटा देखकर सूचना दी। कोटेदार द्वारा चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।