नगर पंचायत मधुबन के नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि और वार्ड सभासद के बीच बृहस्पतिवार को नोकझोंक हो गई। इस पर वार्ड सभासद के समर्थन में लोगों ने मधुबन-दोहरीघाट मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन की सूचना पर सीओ मधुबन पुलिस बल के साथ पहुंचे।
नगर पंचायत मधुबन के वार्ड सात के सभासद राजकुमार हैं। सभासद का आरोप है कि बृहस्पतिवार को वह नगर पंचायत कार्यालय पर स्ट्रीट-लाइट की खराबी की शिकायत लेकर गए थे। वहां किसी बात को लेकर सभासद की चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल उर्फ गणेश से बहस हो गई। आरोप है कि उसने सभासद से मारपीट की। वहीं चेयरमैन पति प्रशांत मल्ल ने बताया कि सभासद बेवजह उनसे विवाद कर रहे थे, मारपीट का आरोप झूठा है, दोनों के बीच झूमाझटकी हुई है। उधर सभासद से अभद्रता की बात सुनकर वार्ड 7 के सैकड़ों की संख्या में लोग मधुबन थाने पहुंचकर नगर पंचायत प्रतिनिधि के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मधुबन-दोहरीघाट मुख्य मार्ग पर जाम कर दिया। उधर प्रदर्शन से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस से नोकझोंक भी हुई, हालांकि जैसे तैसे पुलिस ने जाम को समाप्त कराया। मधुबन पुलिस ने सड़क जाम करने के आरोप में 18 नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मामला संज्ञान में है, सभासद द्वारा इस मामले में तहरीर दी गई है, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। तथ्य के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। -अभय सिंह, सीओ मधुबन