रानीपुर। ब्लाक मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के नहीं होने से क्षेत्र के 85 गावों के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल पर रोजाना ओपीडी में 150 के करीब मरीज पहुंचते हैं। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के न होने के कारण मजबूरन जिला मुख्यालय इलाज के लिए जाना पड़ता है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी सहित तीन चिकित्सक तैनात हैं। केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सक जैसे सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, एमडी मेडिसिन चिकित्सकों की तैनाती न होने के कारण मरीजों को मजबूरन निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की अस्पताल पर तैनाती न होने से मरीजों को ब्लॉक मुख्यालय से 18 किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता हैं। सबसे अधिक परेशानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाली महिला मरीजों को होती है। क्षेत्र के जीतेंद्र यादव, अनिल सिंह, शिवशक्ति सिह, जेपी सिंह, रामप्रकाश आदि ग्रामीणों ने विभागीय उच्चाधिकारियों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डा. अशोक चौहान का कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के बाबत विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।