कोपागंज थाना क्षेत्र के पारा गांव में बुधवार की रात में चोरों ने एक घर में घुसकर आभूषण, नगदी और कीमती कपड़ों सहित लगभग डेढ़ लाख का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी परिवार को गुरुवार की सुबह हुई। गृहस्वामी ने पुलिस को चोरी की तहरीर दी।
कुर्थीजाफरपुर गांव के पास स्थित पारा गांव के रहने वाले परमहंस सिंह अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। रात में मौका देखकर चोर किसी रास्ते छत पर पहुंच गए। गृहस्वामिनी के सिरहाने तकिये के नीचे रखी चाभी लेकर आराम से चोरी की।
अंदर आलमारी में रखे गए सोने के मंगलसूत्र, सिकड़ी, तीन अंगुठियों सहित चांदी के गहने, छह हजार रुपये चुरा ले गए। इसके अलावा तीन बक्से भी ले गए, जो सुबह दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव के सिवान में फेंके मिले।
गुरुवार की सुबह जब घर की महिलाएं जगीं और नीचे उतरीं तो घर का सारा सामान तितर बितर देख माजरा समझ में आ गया। उधर बैजापुर गांव के लोग जब सुबह सिवान की ओर गए तो खेत में तीन बक्से फेंके हुए दिखे। गृहस्वामी ने चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।