फतहपुर मंडाव/दुबारी। क्षेत्र के कुंवरपुरवा बंधे के समीम गुरुवार को 25 वर्षीय युवती की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती के नाक सहित कई अंगों पर जख्म के निशान होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के गांवों से उसकी शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मधुबन थाना क्षेत्र के कुंवरपुरवा गांव के निकट स्थित बंधे के किनारे एक एक युवती का शव गांव की ही कुछ महिलाओं ने देखा। नित्य क्रिया करने गई गांव की महिलाओं ने एक युवती का पहले दुपट्टा देखा। इसके बाद वह दुपट्टे के आस पास नजर दौड़ाई तो युवती का शव पड़ा था।
भोर का समय होने के चलते महिलाएं डर गई और चिल्लाते हुए घर की तरफ भागी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची। आस पास के गांव के लोगों को बुलाकर युवती की शिनाख्त कराने का भी प्रयास किया गया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। युवती पीले रंग की सलवार समीज पहने हुई थी।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के शव मिलने पर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष केके पांडेय का कहना है कि युवती के शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद यह पता चलेगा कि युवती की मौत किस प्रकार हुई।