शहर कोतवाली के सोनीधापा इंटर कालेज में लगी प्रदर्शनी में रविवार की रात एक दर्जन मनबढ़ाें ने एक किशोर की किसी बात पर पिटाई कर दी।
किशारे को बचाने आए उसके एक दोस्त को भी मनबढ़ों ने धुनाई की और वहां से भाग दिया। इसके बाद लोगों ने गंभीर रूप से घायल किशोर और उसके दोस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल किशोर मिंटू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
रविवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के मलिकटोला निवासी आसिफ पुत्र रेयाज अहमद और उसका दोस्त मिंटू निवासी काजीटोला थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के सोनीधापा इंटर कालेज मैदान में लगी प्रदर्शनी में घूमने के लिए गए हुए थे।
रविवार की शाम दोनों प्रदर्शनी से निकल ही रहे थे, तभी वहां पर एक दर्जन मनबढ़ किशोर हाकी और डंडे के साथ पहुंच गए और आसिफ को पीटने लगे।
आसिफ को पीटता देख उसके दोस्त मिंटू ने रोकना चाहा तो उसपर भी टूट पड़े और दोनों की जमकर धुनाई की। पिटाई के दौरान लोगों को जुटता देख सभी वहां से भाग निकले।
वहां मौजूद लोगों ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहंां पर आसिफ की हालत गंभीर बनी हुई। इस संबध में शहर कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि घायल मिंटू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।