शहर कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुरा रोड पर हथकरघा कार्यालय के पास स्थित एक क्लीनिक के डाक्टर से रविवार की रात मिलने को लेकर अस्पताल कर्मियों और युवकों में विवाद हो गया।
मना करने के बावजूद जिद पर अड़े दो युवकों को अस्पताल कर्मियों ने बलपूर्वक वहां से भगा दिया। इसका बदला लेने के दोनों युवक कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ दोबारा क्लीनिक पर पहुंच गए।
इसी बीच एक पक्ष से चली गोली की वजह से एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक का सिर फट गया है। इसमें एक की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर रोड हथकरघा कार्यालय के समीप होम्योपैथिक के चिकित्सक डा. बीबी राय की क्लीनिक है। रविवार की रात को दो युवक चिकित्सक से मिलने के लिए पहुंचे।
इस दौरान युवकों ने चिकित्सक से मिलने की बात कही तो अस्पताल कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। कहा कि चिकित्सक से मिलने के लिए अनुमति लेनी होगी। साथ ही नंबर भी लगाना पड़ेगा।
इसी बात को लेकर दोनों युवक अस्पताल कर्मियों से भिड़ गए। इस पर अस्पताल कर्मियों ने सोेनू पुत्र रामदुलारे निवासी निजामुद्दीनपुरा को मार दिया जिससे उसका सिर फट गया।
इसपर दोनों युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद अपने दोस्तों के साथ दोबारा क्लीनिक पर पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर इसी बीच एक पक्ष से गोली भी चल गई।
गोली सोनू राय के साथी सतीश पुत्र राधेश्याम निवासी निजामुद्दीनपुरा के पीठ में लगी। रात होने की वजह से गोली किस पक्ष से चली यह जानकारी नहीं हो सकी है। इस संबंध में सीओ सिटी अशोक यादव ने कहा घटना की सूचना मिली है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।