मऊ। बाइक सेे घूमने की बात कहकर घर से निकले युवक का शव शनिवार की सुबह चकरा पश्चिमी रेलवे केबिन के पास मिला। मृतक के शरीर से सिर गायब था। उधर सिर कटी लाश मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। घटना हलधरपुर थाना क्षेत्र की है। मृतक की शिनाख्त हलधरपुर थाना क्षेत्र के जमदरा गांव निवासी हर्षित मिश्र (20) पुत्र अशोक के रूप में हुई।
परिजनों की माने तो हर्षित शुक्रवार की शाम पांच बजे बाइक से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम सात बजे के बाद जब वह अपने घर नहीं लौटा तो उसके चाचा मनोज और दूसरे परिजन उसकी खोजबीन में निकले। काफी देर तक कई जगहों पर खोजने के बाद भी युवक का कुछ पता न मिलने पर परिजनों ने हलधरपुर थाने में शुक्रवार की रात में गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
शनिवार की सुबह पांच बजे के करीब शौच के लिए निकले एक ग्रामीण ने सिर कटी लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। सिर कटी लाश मिलने की सूचना पर हलधरपुर एसओ निहारनंदन पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उधर सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और मृतक की कपड़े से उसकी शिनाख्त की। वहीं आसपास खोजबीन में रेलवे ट्रैक के दूसरी तरफ युवक का क्षत विक्षत सिर मिला। इस बाबत एसओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक स्थिति की जानकारी हो सकेगी।
देहरादून से कर रहा था बीएससी
रतनपुरा। मृत युवक के पिता अशोक मिश्रा बनारस में किसी प्राइवेट पंखे की फैक्ट्री में काम करते हैं। मृतक से बड़ा उसका भाई गोलू है। मृतक हर्षित देहरादून में रहकर बीएससी (कृषि) की पढ़ाई करता था। पिछले अप्रैल माह में वह घर आया था। मृतक हर्षित स्वभाव से सरल एवं अत्यंत मृदुभाषी था। घटना के बाद से जहां परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था, वहीं घटना से पूरे गांव में मातम पसरा था।