नगर के बालनिकेतन स्थित श्री हनुमानगढ़ी मंदिर पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ में शामिल श्रद्धालु। स्र
मऊ। नगर के बालनिकेतन रेलवे क्रॉसिंग स्थित श्री हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में मंगलवार को संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम और श्री हनुमान जी महाराज के चरणों में हाजिरी लगाकर भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान अजय मिश्र, जयकृष्ण उपाध्याय, आनंद कुमार, विनोद गुप्त, रमेश शर्मा और धनराज ने सुंदरकांड का सस्वर संगीतमय पाठ किया। जिसके बाद श्री हनुमान चालीसा का पाठ भक्तों ने किया। इसके पश्चात गायक सर्वेश राय ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर समूचे प्रांगण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर मंदिर के प्रमुख डॉ. रामगोपाल गुप्त ने हनुमान जी के पावन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री हनुमान जी अपार बल और शक्ति के स्वामी होने के बावजूद अत्यंत विनम्र और विवेकशील थे। उन्होंने बताया कि हनुमान जी ने अपनी शक्ति का प्रयोग सदैव विवेक और सूझबूझ से किया—जहां आवश्यकता हुई वहां बल दिखाया और जहां जरूरत पड़ी वहां विनम्रता अपनाई। उनका जीवन हमें शक्ति के साथ संयम, विवेक और विनम्रता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सर्वकल्याण, सुख और शांति की कामना से ही इस संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। सुंदरकांड पाठ में समिति के प्रमुख राम लोहिया, ऋषिकेश पांडेय, सुरेश सिंह, विनोद राय और जेएन सिंह, रघुनाथ चौहान, राजेश क्षितिजा, अनिल शर्मा, ओम प्रकाश प्रजापति, लालू गुप्ता, हरि प्रकाश पाठक, जनार्दन गुप्ता, अवधेश गुप्ता, पंकज राजभर और अनूप वर्मा मौजूद रहे।