दुबारी के देवारा क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से पशुओं के लिए हरा चारा का संकट।संवाद
दोहरीघाट। सरयू नदी का जलस्तर बीते 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर बढ़ गया है। नदी अब खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। इससे तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ गई है। गौरीशंकर घाट पर बृहस्पतिवार को नदी का जलस्तर 70.20 मीटर दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 70.10 मीटर था। नदी का खतरा निशान 69.90 मीटर है।
जलस्तर बढ़ने से दोहरीघाट की कई ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों पर भी खतरा मंडराने लगा है। इनमें मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, खाकी बाबा की कुटी, दुर्गा मंदिर, लोक निर्माण विभाग का डाक बंगला, डीह बाबा मंदिर, शाही मस्जिद और हनुमान मंदिर शामिल हैं। नदी की तेज धारा भारत माता मंदिर और श्मशान घाट से टकरा रही है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है।
तटवर्ती क्षेत्रों में पानी घुसना शुरू हो गया है। धनौली लोहड़ा रिंग बांध, नौली चिउटीडाड़ बांध और बेलौली बीबीपुर बांध तक भी पानी पहुंच गया है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता प्रिंस कुमार ने बताया कि बांधों को कोई खतरा नहीं है। विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
दुबारी के देवारा क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से पशुओं के लिए हरा चारा का संकट।संवाद