मऊ, पहाड़ी एवं मैदानी इलाकों में हो रही लगातार बारिश से सरयू नदी का जलस्तर प्रतिदिन 10 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। इससे नगर सहित तटवर्ती इलाकों में लोग चिंतित हैं।
यदि बढ़ने की यही रफ्तार रही तो वह दिन दूर नहीं, जब नदी जल्द ही खतरे के निशान तक पहुंच जाएगी। नदी के लगातार बढ़ने से धनौली लोहड़ा बांध, नौली चूतीदंड रिंग बंध तथा बीबीपुर बेलौली बांधों पर सिंचाई विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
गौरी शंकर घाट पर नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार को 67.85 मीटर रहा, जबकि बुधवार को 67.75 मीटर था। इस तरह 24 घंटे में नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ा है। नदी खतरे के निशान 69.90 मीटर से 2.05 मीटर नीचे बह रही है।
नदी के लगातार बढ़ने से नगर की ऐतिहासिक धरोहरों मुक्तिधाम, भारत माता मंदिर, खाकी बाबा की कुटी, दुर्गा मंदिर, लोक निर्माण विभाग का डाक बंगला, डीह बाबा का मंदिर, शाही मस्जिद तथा हनुमान मंदिर पर खतरे की घंटी बजना शुरू हो गई है।
वहीं, तटवर्ती इलाके धनौली, रामपुर, नई बाजार, नौली, रामनगर, बीबीपुर, गोधनी, बेलौली, महुआ बारी, रसूलपुर, सूरजपुर आदि गांवों में पानी घुसने की आशंका से किसान चिंतित हो गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन तथा सिंचाई विभाग सतर्क हो गया है।