मऊ। सरकार की तरफ से आम लोगों को दी जा रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ विभागीय लापरवाही से मिलता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल में अव्यवस्था प्रभारी मंत्री सुरेश पासी के निरीक्षण में नजर आई। प्रभारी मंत्री ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिला चिकित्सालय के अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका देख प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने सीएमएस पर नाराजगी जताई। सीएमओ से भी जवाब-तलब किया। साथ ही कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दिया।
प्रभारी मंत्री सुरेश पासी शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने कोविड टीका केंद्र, अस्पताल के मुख्य भवन, सीटी स्कैन कक्ष तथा अल्ट्रासाउंड कक्ष की जांच की। सभी जगहों पर चिकित्सक और मरीजों का हाल जाना। वहीं पिछले कई वर्षों से रेडियोलाजिस्ट के नहीं होने से परेशानी झेल रहे लोगों की समस्या के बाबत सीएमएस से जानकारी ली।
सीएमएस ने भी बेहतर सुविधाओं को बताया। प्रभारी मंत्री ने अल्ट्रासाउंड कक्ष देखने की मंशा प्रकट किया। प्रभारी मंत्री जब वहां गए तो कमरे पर ताला लटका मिला। उन्होंने ताला खुलवाकर कमरे की जांच की और वहां रखे रजिस्टरों को खंगाला। कुर्सी पर जमी धूल और मशीनों पर ढ़के चादर और कमरे की हालत देख कड़ी नाराजगी प्रकट की। अल्ट्रासाउंड के मरीजों की संख्या कम होने पर सीएमएस को कड़ी फटकार लगाई।
चिकित्सक की उपस्थिति के मामले पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने सीएमएस को कड़ी डांट लगाई। सरकार से मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन तक पहुंचने में अड़चन बनने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई करने की बात कही। मुख्य चिकित्साधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की जमकर क्लास लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक विजय राजभर,अपर जिलाधिकारी केहरि सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह, सीएमएस डॉ.ब्रृजकुमार आदि उपस्थित रहे।