रतनपुरा बाजार के भीमपुरा तिराहे पर मंगलवार को एक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। इससे अनियंत्रित ट्रक टीनशेड की दूकान में घुस गया। कई ठेले को रौंदते हुए ट्रक बीचोबीच सड़क पर खड़ा हो गया।
हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन बड़ा हादसा होते होते टल गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार को मऊ की तरफ से एक ट्रक बलिया की ओर जा रहा था। रतनपुरा बाजार के निकट भीमपुरा तिराहा पर ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने का प्रयास करते हुए लगातार हार्न बजाया इससे सड़क खाली हो गई। लेकिन ट्रक टीन शेड की दूकान और पास खड़े ठेलों को रौंदता चला गया।
इससे बाजार में भगदड़ की स्थिति बन गई। ट्रक के रुकते ही सैकड़ों लोगों ने उसे घेर लिया। चालक की जमकर धुनाई की लेकिन लोगों को चकमा देकर वह भाग निकला।