शहर कोतवाली क्षेत्र के मड़याघाट पर शुक्रवार की दोपहर तमसा नदी में स्नान करने गए चार बच्चों में से तीन डूब गए। चौथे बच्चे के शोर मचाने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस के साथ एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। कई घंटे के प्रयास के बाद तीनों बच्चों का शव निकाले जा सके । पुलिस ने पंचनामा कर शवों को परिवारीजन को सौंप दिया। डूबे बच्चों में फरहान और ताबिश सगे भाई थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रौजा मोहल्ला निवासी अमीर हमजा (10) पुत्र सेराज, फरहान (10) पुत्र एकबाल एवं ताबिश (12) पुत्र एकबाल अपने एक अन्य साथी असलम के साथ नदी में नहाने गए थे। चारों बच्चे मड़याघाट पहुंचे। वहां रेलवे के पुराने पुल के खंभे पर से चारों ने नदी में छलांग लगा दी।
इनमें तीन बच्चे पुल के खंभे के पास पानी के तेज बहाव की जद में आकर डूब गए। चौथा असलम किसी तरह तैर कर किनारे पहुंचा और शोर मचाने लगा। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान कई युवकों ने नदी में छलांग लगा कर बच्चों को खोजने की कोशिश की पर बच्चों का पता नहीं चला।
इस बीच एसडीएम जगदंबा सिंह, फायर ब्रिगेड की टीम और शहर कोतवाल भी मौके पर पहुंच गए। बाद में अमीर हमजा एवं फरहान के शव तो मिल गए पर ताबिश का शव नहीं मिला। पुलिस ने नदी में जाल डालकर खोज कराई तो उसका भी शव बरामद हो गया।