जिले में मई माह में पहली बार तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचते ही बिजली निगम की मेंटेनेंस व्यवस्था की पोल खुल गई। बृहस्पतिवार की देर शाम से शुरू हुई बिजली ट्रिपिंग घंटों की बिजली कटौती में तब्दील हो गई।
स्थिति यह रही कि नगर के तीन बड़े मोहल्लों निजामुद्दीनपुरा, सहादतपुरा और मुंशीपुरा में बिजली कटौती के बाद लोग बिजली निगम के जिम्मेदारों को फोन करते रहे, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
यह स्थिति उस समय रही जब ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की मौजूदगी में शुक्रवार को मऊ जंक्शन पर दो नई ट्रेनों के शुभारंभ का कार्यक्रम चल रहा था। उधर, निगम के जिम्मेदारों का तर्क है कि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के कारण लोड बढ़ा है, जिससे करीब 20 प्रतिशत तक बिजली की खपत बढ़ गई है।
इसी कारण लाइन फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या आ रही है, जिसे सुधारने की कवायद जारी है। गर्मी से पहले बीते कई रविवारों को मेंटेनेंस के नाम पर घंटों की कटौती के बावजूद व्यवस्था में सुधार न होने पर सवाल उठ रहे हैं।
बृहस्पतिवार की देर शाम सात बजे से ही बिजली ट्रिपिंग की समस्या शुरू हो गई। निजामुद्दीनपुरा निवासी जितेंद्र पाठक, मदन चौधरी, महेंद्र सिंह, सहादतपुरा निवासी दिलीप पांडेय तथा चांदमारी इमिलिया निवासी धर्मशक्ति पाठक सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि ट्रिपिंग की समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन बृहस्पतिवार शाम यह अधिक गंभीर हो गई। निजामुद्दीनपुरा में साढ़े नौ बजे से 11 बजे रात तक महज 20 मिनट ही बिजली आपूर्ति रही, जबकि यही स्थिति सहादतपुरा, चांदमारी इमिलिया और भीटी क्षेत्र में भी रही।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि ट्रिपिंग के बाद 15 मिनट में बिजली आ जाती थी, लेकिन फिर लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहती थी। फोन करने पर भी जिम्मेदारों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
इस बाबत अधीक्षण अभियंता मागेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली कटौती तापमान बढ़ने से लोड की समस्या के कारण हो रही है। सुधार कार्य चल रहा है। जब उनसे गर्मी से पहले मेंटेनेंस के बावजूद कटौती पर सवाल किया गया तो उन्होंने फिर से केवल सुधार कार्य जारी होने की बात कही।