मऊ। मऊ शहर में हर साल रावण के पुतले का कद बढ़ रहा है। चार साल में 18 फीट लंबाई बढ़ गई है। वर्ष 2024 में रावण की लंबाई 35 फीट थी, अबकी बार दशानन के पुतले की लंबाई 40 फीट होगी। पिछले साल से इस साल रावण का कद पांच फीट बढ़ जाएगा।
नगर की श्री राम लीला मेला समिति की ओर से इसको लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसको लेकर समिति की इस बार चार दिन पहले से ही रावण के पुतले को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
खास बात यह है कि दशानन के पुतले को बनाने के लिए गैर प्रांत से भी कारीगर बुलाए गए हैं, जो कि पुतलों को आकार देने में जुटे हैं। श्री रामलीला समिति के मंत्री संजय वर्मा ने बताया कि इस बार समिति ने लोगों की मांग को लेकर रावण के पुतले की ऊंचाई बढ़ा दी है। अबकी बार रावण की ऊंचाई 40 फीट होगी। इसमें एक लाख 65 हजार की राशि खर्च होगी। बताया कि बीते वर्ष रावण की लंबाई 35 फीट थी, जिसमें एक लाख का खर्च आया था। जबकि 2023 में रावण की लंबाई 24 फीट थी। दशहरा के विषय में मान्यता है कि अश्विन मास की दशमी तिथि को ही भगवान राम ने रावण का वध किया था।
इन्हीं मान्यताओं के आधार पर दशहरा पर्व गुरुवार को नगर सहित जिले में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दशहरा को मनाने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
नगर के दशई पोखरा पर राम-रावण युद्ध का मंचन किया जाता है। यह रामलीला देश की आजादी के पहले से होती चली आ रही है। इसे वृहद रूप देकर यहां के निवासी आयोजन करते आ रहे हैं। रावण के पुतला दहन के दिन यहां पर काफी भीड़ लगती है।