नोटबंदी के 26वें दिन भी बैंकों और एटीएम पर लोगों की परेशानी कम नहीं दिखी। रविवार की बंदी के चलते सोमवार को बैंक एवं एटीएम खुलते ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। घंटों इंतजार के बाद लोगों को एक निश्चित मात्रा में पैसा मिल रहा है, जिससे वे खीझ उठ रहे हैं। नोटबंदी का असर हर वर्ग के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
सोमवार को सुबह नौ बजे से ही बैंकों पर लोगों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। सोमवार को नगर के गाजीपुर तिराहा स्थित यूनियन बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, काशी गोमती ग्रामीण बैंक, एचडीएासी, भारतीय स्टेट बैंक एवं नगर में उनकी संबंधित शाखाओं सहित पंजाब नेशनल आदि सभी बैंकों पर इस कदर भीड़ दिखी कि पैसा निकालने जाने वालों का पसीना निकलने लगा। यही हाल एटीएम पर लगने वाली लाइनों का भी रहा। जो एटीएम खुले थे, उन में लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। लोग अपनी जरूरत का पैसा निकालने के लिए अपना काम छोड़कर लाइनों में लग जा रहे हैं। बैंकों में इस कदर भीड उमड़ रही है कि कोई वृद्ध, महिला एवं बीमार व्यक्ति उसे देखकर ही सहम जा रहा है। अधिकांश लोग भीड़ देखकर मायूस होकर लौट जा रहे हैं। लोगों का अधिकांश समय काम के बजाए पैसे के जुुगाड़ में कट जा रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।