राशन कार्ड के लिए भरे गए फार्म का रिकार्ड नहीं मिलने पर सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि अरशद जमाल के नेतृत्व में सभासदों ने डीएसओ का घेराव किया।
कलेक्ट्रेट स्थित जिलापूर्ति कार्यालय पर पहुंचे सभासदों ने घेराव के दौरान डीएसओ को समस्या से अवगत कराया। साथ ही विभाग और कोटेदारों की मिलीभगत से पात्रों को राशन नहीं दिए जाने का आरोप लगाया।
घेराव के दौरान सभासदों ने कहा कि केंद्र सरकार के खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 65 प्रतिशत उपभोक्ताओं को कम रेट पर खाद्य सामग्री वितरित की जानी है। इसके तहत कई बार राशन कार्ड का फार्म भरा गया। लेकिन जिलापूर्ति कार्यालय से अब तक आनाकानी की जा रही है।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों एवं कोटेदारों की मिलीभगत से फर्जी और अपात्र राशन कार्ड बनाकर गरीबों और पात्रों को लाभ से वंचित किया जा रहा है। एक वर्ष से पालिका के सभासद परेशान हैं। इस संबंध में कई बार आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग भी की गई।
लेकिन बार-बार जिलाूपर्ति अधिकारी द्वारा हीलाहवाली की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक शहर के 40 हजार लोगों ने फार्म भरा है। लेकिन उसका कोई रिकार्ड विभाग के पास नहीं है। मामले का समाधान नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी।
इस मौके पर सपा के नगर अध्यक्ष व सभासद जहीर सेराज, अब्दुल कादिर, विनय सिंह, रजनीश सिंह, विजयप्रताप सिंह, फैज अहमद, दुलारे, इकबाल अहमद, फैयाज अहमद, नसीम अहमद, फखरे आलम, शमशाद अहमद, मंजूर अहमद, हफीजुर्रहमान, खुर्शीद, बिकायल, नसीम अख्तर, अतहर, अताउल्लाह, कयुम, अर्जुन आदि उपस्थित रहे। इस संबंध में विनय कुमार सिंह ने कहा कि केवल दस हजार के करीब लोगों ने फार्म भरा है। इसमें लेखपाल के पास वह सूची सत्यापन के लिए गई हुई है।
कुछ लोगों की सूची है। लेकिन इंटरनेट धीमा होने के चलते उनका डाटा अपडेट नहीं दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के पास से सूची सत्यापित करके आएगी। तो खाद्य वितरण करा दिया जाएगा।