पंचायत उप चुनाव में रिक्त पदों पर रविवार को सभी ब्लाकों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। ग्राम पंचायत सदस्य पदों में कुल खाली 1345 पदों पर 1365 ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन में 1238 का निर्विरोध चुना जाना तय है। केवल 63 पदों पर ही मतदान होगा। इसके बाद भी जिले में 44 पद रिक्त रह जाएंगे।
जिले में हाल में हुए पंचायत चुनाव में कुल 684 ग्राम पंचायतों में 1345 पद ग्राम पंचायत सदस्य पदों का रिक्त था। इन रिक्त पदों के चलते अधिकांश गांवों में समितियों के गठन का कार्य भी पूर्ण नहीं हो पाया था। राज्य निर्वाचन आयोग ने इन पदों पर उप चुनाव में मतदान के लिए 21 फरवरी को तिथि नियति की है।
रविवार को इन खाली पदों पर सभी ब्लाकों में एआरओ की उपस्थिति में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें रानीपुर ब्लाक में 222 खाली पदों पर 229 ने नामांकन दाखिल किया। इसमें 210 पदों पर सदस्यों का निर्विरोध चुनाव होना निश्चित है जब कि नौ पदों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा ब्लाक में तीन पद अभी भी रिक्त रह गए हैं।
घोसी ब्लाक में कुल रिक्त 150 पदों पर 167 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसमें 133 सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। 17 पदों पर चुनाव होना है। दोहरीघाट ब्लाक में 142 रिक्त पदों पर 131 का निर्विरोध चुनाव तय हैं। 11 पदों पर यहां चुनाव होना है। फतहपुर मंडाव ब्लाक में 106 पदों पर 107 ने नामांकन दाखिल किया।
इसमें 101 सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। शेष तीन पदों पर चुनाव होना है। कोपागंज ब्लाक में 144 रिक्त पदों पर 145 ने नामांकन किया। इसमें 144 का निर्विरोध चुना जाना तय है। एक पद पर चुनाव होना है। परदहां ब्लाक में 122 रिक्त पदों पर 122 ने नामांकन किया।
सभी का निर्विरोध चुना जाना निश्चित है। रतनपुरा ब्लाक में 109 रिक्त पदों पर 118 ने नामांकन किया। इसमें 100 का निर्विरोध चुना जाना तय है। नौ पदों पर चुनाव होना है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के 178 रिक्त पदों पर 192 ने नामांकन दाखिल किया। इसमें 164 का निर्विरोध चुना जाना तय है।
14 पदों पर मतदान होना है। बड़रांव ब्लाक में रिक्त 172 पदों पर 154 ने नामांकन किया। इसमें 134 प्रत्याशिययों का निर्विरोध चुना जाना तय है। 10 पदों पर मतदान होगा।
यहां 28 पद अभी भी रिक्त रहेंगे। इस संबंध में सहायक निर्वाचन अधिकारी नन्हकू यादव का कहना है कि मतदान की सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। कुल 63 पदों पर 21 फरवरी को मतदान एवं 23 फरवरी को मतगणना है।