स्वच्छ भारत मिशन में लापरवाही तीन ग्राम प्रधानों पर भारी पड़ ही गई। जिलाधिकारी ने इस अभियान में चेतावनी की अनदेखी करते हुए लगातार लापरवाही बरतने वाले तीन ग्राम प्रधानों के सारे अधिकार सीज कर दिए है। इनके अलावा डीएम ने शौचालयों की प्रगति की समीक्षा किया। इनमें 15 गांवों के प्रधानों के काम काज अत्यंत खराब पाए गए। उन्हें चेतावनी दी गई है।
जिन ग्राम प्रधानों के अधिकार सीज किए गए हैं, उनमें दो ग्राम प्रधान दोहरीघाट ब्लाक के तथा एक बड़राव ब्लाक का है। डीएम की इस कार्रवाई से ग्राम प्रधानों में हड़कंप की स्थिति है। ग्राम सभा चकऊत एवं नरहरपुर तथा विकास खंड बड़रांव के ग्राम सभा उसरी खुर्द के ग्राम प्रधान के सारे अधिकार सीज कर दिए गए हैं।
इन गांवों में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा। यही कमेटी ग्राम पंचायत के कार्यों का संचालन करेगी। जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने बुधवार को 15 गांवों के शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा करने के बाद ये निर्देश दिए। अत्यंत खराब प्रगति वाले इन 15 गांवों के लिए जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी दी कि स्वच्छ भारत मिशन में शिथिलता बरतने पर ग्राम प्रधान को उसके पद से बर्खास्त कर दिया जायेगा।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया कि पूरी तत्परता से कार्य करें। जिससे 2 अक्टूबर तक जिले को ओडीएफ किया जा सके। इस अवसर पर उसरी खुर्द, बहरामपुर, बहादुरपुर, लखनी मुबारकपुर, हाजीपुर, कल्यानपुर, अलीपुर, पीरूआ, सुल्तानपुर, रानीपुर, डडारी, बसारतपुर, बंदीघाट के प्रधान सहित जिला पंचायत राज अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी रानीपुर मौजूद थे ।