दोहरीघाट। साहू समाज की ओर से श्रावण मास में स्थानीय कस्बे में वार्षिक श्रावणी पूजन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधि-विधान से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समाज की आराध्य एवं कुलदेवी मां कर्मा देवी का पूजन-अर्चन, हवन और आरती की गई। हवन में समाज के लोगों ने आहुति देकर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की। मां कर्मा देवी को साहू समाज की आराध्य देवी के रूप में श्रद्धापूर्वक पूजा जाता है।
आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना भी है। पूजन-अर्चन के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सकुशल संपन्न होने पर साहू समाज के अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी समाज के लोगों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से समाज की एकजुटता मजबूत होती है। साथ ही, नई पीढ़ी अपनी परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों से जुड़ती है।
समारोह में अवधेश साहू, पारस साहू, विजय साहू, घोसी के चेयरमैन मुन्ना गुप्ता, कपूरचंद, अशोक साहू, अमरनाथ, अजय साहू उर्फ गुल्लू, राहुल प्रेम साहू, गोरख साहू और ओमप्रकाश साहू समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।