मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के बाहर पुलिया के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में 17 मुकदमों में नामजद आरोपी राकेश राजभर घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और 6100 रुपये बरामद किए हैं।
बाइक को सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। कोपागंज थाना क्षेत्र के कोड़रा गांव निवासी राकेश राजभर पर महिलाओं से आभूषण छीनने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, उसने अपने गांव के ही रामकरन राजभर के साथ मिलकर 18 अगस्त की सुबह नदवासराय मार्ग पर फोरलेन अंडरपास के पास टहल रही सीमा देवी और चंदा देवी के आभूषण छीन लिए थे। सीमा देवी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
कोतवाल रविंद्रनाथ राय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही राकेश ने तमंचे से फायर कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया।
पुलिस के अनुसार राकेश राजभर के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 17 मामले दर्ज हैं। इनमें घोसी कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट समेत सात, नगर कोतवाली में छह, कोपागंज थाने में तीन और दोहरीघाट थाने में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।