मऊ। जिले में शासन के फरमान पर परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन की तरफ से आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है। अब तीन अक्तूबर तक शिक्षक ऑनलाइन आवेदन करे सकेंगे। अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लिए 239 शिक्षकों ने आवेदन किया है।
जिले में 1060 प्राथमिक और 442 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में लगभग छह हजार से अधिक सहायक अध्यापक कार्यरत हैं। परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के अंतर जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया सितंबर में ही पूरा करना था। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले के 239 सहायक अध्यापकों ने आनलाइन आवेदन किया था। तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डाले तो सदर में 70, घोसी में 55, मधुबन में 42, मुहम्मदाबाद गोहना में 72 सहायक अध्यापक शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदनों में तकनीकी त्रुटी होने के चलते 37 सहायक अध्यापकों का आवेदन रिजेक्ट कर दिया गया। शासन की तरफ से अंतर जनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन करने की तिथि बढ़ा दी गई है। अब तीन अक्तूबर तक आवेदन दिए जा सकेंगे। 15 अक्तूबर को सूची प्रकाशित की जाएगी। 24 अक्तूबर अंतर जनपदीय स्थानांतरित होने वाले शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
कई विद्यालयों में शिक्षकों का पद रिक्त चल रहा है। अंतर जनपदीय स्थानांतरण के बाद शिक्षकों में की संख्या में कमी आएगी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पद के संबंध में बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से ब्योरा मांगा है। उन्होंने रिक्त पदों के सापेक्ष प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की जानकारी मांगी है। इस बाबत नगर शिक्षा अधिकारी अशोक गौतम का कहना है कि अंतर जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्थानांतरण के लिए आवेदन करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। 24 अक्तूबर तक प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।