नगर पालिका की ओर से 2026 में 317 कामों के टेंडर जारी किए गए हैं। इसमें 45 वार्ड की सड़कें और जलनिकासी के लिए नाला निर्माण शामिल है। इसके अलावा आठ साल से अधूरे तालाब बेस्ड थीम पार्क के लिए 1 करोड़ 86 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
इन कामों के टेंडर जारी कर 23 मार्च को प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। उम्मीद है कि इसी माह में यह सभी काम शुरू हो जाएंगे। नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका के 45 वार्ड में विकास कार्यों को लेकर 317 कामों का टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई है।
इसके तहत सबसे बड़ी राशि वार्ड 12, निजामुद्दीनपुरा मुहल्ले में दो एकड़ के तालाब बेस्ड थीम पार्क के लिए 1 करोड़ 86 लाख रुपये है। इसमें पार्क के सुंदरीकरण के साथ ओपन जिम, तालाब का स्वरूप आदि पर खर्च किया जाएगा। यह कार्य छह माह में पूरा होगा।
यह पार्क 2018 से बन रहा है। पहले एक साल में बनने वाले पार्क के लिए 50 लाख का बजट स्वीकृत हुआ था, जिसमें स्ट्रीट लाइट, तालाब के स्वरूप और पाथवे पर खर्च किया गया।
अब 1 करोड़ 86 लाख से इस पार्क के विकसित होने के बाद यह जिले का नहीं बल्कि पूरे मंडल का एक आकर्षक पार्क के रूप में तैयार होगा। इसमें तालाब में बोटिंग के साथ बच्चों के लिए पार्क, युवाओं के लिए ओपन जिम और बुजुर्ग वर्ग के लिए टहलने और योग के लिए योगा की व्यवस्था होगी।
45 करोड़ से सुधरेगी सड़क और नाली की व्यवस्था
ईओ दिनेश कुमार ने बताया कि इन कार्यों में सबसे अधिक सड़क और नाली निर्माण शामिल है, जिसमें करीब 40 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।इन कार्यों में सबसे बड़े कामों में वार्ड 1, गालिबपुर में एक करोड़ से अधिक राशि से इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कार्य होगा। इसके अलावा, वार्ड 1, गालिबपुर में ही प्रकाश मौर्य के घर से लेकर राघवेंद्र मिश्रा के घर तक नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग का कार्य एक करोड़ से अधिक राशि से होगा। जबकि वार्ड 2, भीटी में नहर रोड पर नाली निर्माण, मिट्टी भराई और सड़क कार्य पर एक करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी।