मऊ। नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बृहस्पतिवार को दोपहर बाद बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं बारिश के दौरान नगर के सईदी रोड पर खुला नाला एक बार फिर आम लोगों के लिए आफत बन गया। नाले में गिरकर सगड़ी के साथ ही चालक घायल हो गया। बृहस्पतिवार को सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर बाद मौसम बदला और झमाझम बारिश हुई। इसी बीच नगर के सईदी रोड पर सड़क पर पानी भरने के चलते खुला नाला एक बार फिर आफत बन गया। जलभराव के चलते एक सगड़ी चालक नाला में गिर गया। आसपास के दुकानदारों ने ठेला चालक को नाले से बाहर निकाला। बारिश के बाद तेज धूप हो जाने के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से बचने के लिए शहर के मुख्य मार्ग के दोनों ओर बनी दुकानों के सामने खड़े होकर बारिश बंद होने का इंतजार करते नजर आए। नगर के भीटी, रघुनाथपुरा, मुुंशीपुरा, निजामुद्दीनपुरा सहित निचले इलाकों में जलजमाव होने से लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 66 प्रतिशत रही। जबकि 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी।