मऊ। नए साल का पहला दिन अधिकांश लोगोंं ने मौज मस्ती के बीच गुजारा। रेस्टोरेंट, पिकनिक स्पाट और पार्क पूरी तरह गुलजार नजर आए। वहीं कुछ लोग नए साल की शुरुआत मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ किए।
लोगों ने सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से एक दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
नववर्ष का पहला दिन होने के कारण बुधवार को चहुंओर उल्लास का माहौल रहा। जिले के प्रमुख मंंदिरों में लोगोंं ने मत्था टेककर नववर्ष के मंगलमय होने की प्रार्थना की। सर्वाधिक भीड़ नगर के पावरहाउस कालोनी से सटे हनुमान मंदिर, शीतला माता धाम, जिले के वनदेवी धाम, कोयल मर्याद भवानी माई, अष्टभुजी देवी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरोंं में रही।
सबसे ज्यादा भीड़ नगर क्षेत्र से सटे चंद्रभानपुर उद्यान और वनदेवी धाम पार्क में मौज मस्ती करने वालोंं की रही। जहां खास तौेर से युवाओं को फिल्मी गीतों की धुनोंं पर ग्रुप डांस करते देखा गया। इन स्थानोंं पर मौज मस्ती के बाद लोग रेस्टोरेंट भी गए और अपने मित्रों आदि के साथ डोसा, वर्गर सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनोंं का लुत्फ उठाया।
सरकारी, गैर सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों में भी हर्ष का माहौल रहा। पिपरीडीह: स्थानीय बाजार में युवाओं की ओर से नववर्ष के अवसर पर पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने फिल्मी गीतों की धुनोंं पर नृत्य किया।
विशालकाय शिव प्रतिमा के सामने लगी रही सेल्फी लेने की होड़
दोहरीघाट। नव वर्ष पर कस्बा स्थित मुक्तिधाम पार्क में बुधवार की सुबह से ही युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में पहुंचे युवाओं में सेल्फी लेने की होड़ रही। कोई विशाल शिव की प्रतिमा के सामने सेल्फी ले रहा था, तो कोई गंगा अवतरण और पार्क में जगह-जगह सेल्फी ले रहे थे।
बुधवार की देर शाम तक मुक्तिधाम पार्क में काफी भीड़ रही। वहीं पूरे दिन जाम की समस्या से लोग जूझते रहे। हजारों मोटरसाइकिल जगह-जगह रोड और खेतों में खड़ी रही। चार-पहिया वाहन भी जाम में फंसे रहे। उधर, भीड़ के कारण शवों का अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम तक ले जाने में लोगों को काफी परेशानी हुई।