अपात्रों का नाम हटाने की मांग किया प्रदर्शन
पात्र गृहस्थी सूची में अपात्रों का नाम हटाए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर जागो किसान मजदूर बुनकर विकास मंच के तत्वावधान में गुरुवार को विकास खंड परिसर में दर्जनों गांव के लोगों ने ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। दो घंटे बाद धरना स्थल पर पहुंचे डीसी मनरेगा ने जांच कराकर एक हफ्ते के अंदर पात्रों के नाम जोड़े जाने संबंधी आश्वासन के बाद मामला शांत हो सका। कोपागंज विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवकली विशुनपुर, कटवांस, खुखुंदवा, जयरामगढ़, डांड़ी, युसुफपुर, लैरो दोनवार,लैरो बेरुवार, ढेकवारा, भदसा मानोपुर, चिस्तीपुर आदि गांवों में पात्र गृहस्थी सूची में अपात्र और अधूरे व्यक्तियों का नाम जोड़ दिया गया है।
इसे हटाकर शेष पात्र व्यक्तियों का नाम सम्मलित किए जाने को लेकर कई बार जिला पूर्ति अधिकारी से लेकर उप जिलाधिकारी सदर को लिखित तथा मौखिक सूचना दिए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। धरने को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष राम नवल राही ने कहा कि यह संघर्ष तबतक चलता रहेगा जबतक हमारी समस्त मांगे पूरी नहीं हो जाती। गुलाब चंद्र ने कहा कि जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा इस मामले पर जांच का आदेश दिया गया था लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं किया गया। अरविंद मूर्ति ने विचार व्यक्त किया। डीसी मनरेगा तेजभान सिंह ने एक सप्ताह के अंदर टीम गठित कर सभी समस्याओं का निराकरण कराने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। इस अवसर पर पूर्व प्रधान बाबूलाल, लल्लन प्रसाद, भृगुनाथ, घनश्याम, मालती, संजय देवी आदि शामिल रहे।